गेहूं से लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक पर पलटी, पति-पत्नी समेत चालक की मौत

सतना यश भारत ।जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्ष नगर करही में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गेहूं से लोड एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बाइक सवार दंपति के ऊपर पलट गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक ने भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक दंपति बैरिहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों किसी काम से बाइक से जा रहे थे, तभी हर्ष नगर करही के पास सामने से आ रही गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे जा रही बाइक पर पलट गई।
हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह ट्रॉली के नीचे दब गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पति-पत्नी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







