मध्य प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ‘संदीपनी विद्यालय’ का लोकार्पण : 240 करोड़ मंजूर

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र में प्रवास के दौरान सागर जिले को शिक्षा और सिंचाई के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां सौंपीं हैं। मुख्यमंत्री ने नरयावली में नवनिर्मित ‘संदीपनी विद्यालय’ का भव्य लोकार्पण करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का नया केंद्र बताया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के किसानों के हित में निर्माणाधीन ‘कड़ान’ मध्यम सिंचाई परियोजना’ के लिए 240 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि को भी मंजूरी दी।

संदीपनी विद्यालय: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया अध्याय

लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संदीपनी विद्यालय आने वाले समय में क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होगा। इसी संदर्भ में विधायक शैलेंद्र जैन ने एक महत्वपूर्ण सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने आग्रह किया कि आरटीई (RTE) के तहत कक्षा 8वीं तक निजी स्कूलों में निःशुल्क पढ़ने वाले गरीब प्रतिभावान छात्रों को कक्षा 9वीं से इन संदीपनी विद्यालयों में प्रवेश का अवसर दिया जाए, ताकि उनकी उच्च स्तरीय शिक्षा में कोई बाधा न आए। मुख्यमंत्री ने इस सुझाव की सराहना करते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

 

 मकरोनिया चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण सहित की अनेक घोषणाएं

प्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने गुरुवार को सागर जिले के नरयावली ग्राम पंचायत में सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण समारोह में सागर जिले में मकरोनिया चौराहे पर फ्लाई ओवर बनाने की घोषण की।

 

मुख्यमंत्री ने शासकीय आईटीआई कॉलेज जरुआखेड़ा में नवीन ट्रेड इलेक्ट्रीशियन, फिटर, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सोलर टेक्नीशियन ट्रेड प्रारंभ करने की घोषणा की। वही नगर परिषद कर्रापुर में विकास कार्य हेतु विशेष निधि से 5 करोड रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री ने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास के नवीन भवन बनाने की घोषण की तथा खाखरोन-ईशुरवारा मार्ग में धसान नदी पर पुल निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बम्होरी तिराहा से गढ़पहरा तक फोरलाइन निर्माण कार्य की घोषण की। वहीं मकरोनिया चौराहे पर फ्लाई ओवर निर्माण बनाने की भी घोषणा की।

समारोह में उपस्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब किसानों की जमीन का अधिग्रहण होने पर उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कड़ान परियोजना की स्वीकृति पर आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इससे क्षेत्र की 30 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी। उन्होंने दिल्ली-नागपुर कॉरिडोर के लिए 600 हेक्टेयर भूमि आवंटन को मुख्यमंत्री की दूरदर्शी नीति का परिणाम बताया, जिससे एक भी किसान की भूमि प्रभावित नहीं हुई है। सांसद लता वानखेड़े ने भी प्रदेश को ‘ग्लोबल निवेश हब’ बनाने की दिशा में हो रहे कार्यों की प्रशंसा की।

इस भव्य आयोजन में पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, बृज बिहारी पटेरिया, वीरेंद्र सिंह लोधी, निर्मला सप्रे, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित जिले के तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button