इंदौर-भोपाल हाईवे पर एसआई की कार का कहर, एक की मौत; महिला एसआई निलंबित

इंदौर-भोपाल हाईवे पर एसआई की कार का कहर, एक की मौत; महिला एसआई निलंबित
भोपाल, यशभारत। इंदौर-भोपाल हाईवे पर सीहोर जिले के बिलकिसगंज चौराहे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें आष्टा थाने में पदस्थ एक महिला सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और बाइक सवारों को कुचल दिया। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान भोपाल के अस्पताल में मौत हो गई।
बेकाबू थार ने मचाया उत्पात
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे, एसआई किरण सिंह राजपूत लाल रंग की अपनी थार कारसे तेज गति से भोपाल की ओर जा रही थीं। बिलकिसगंज चौराहे के पास यह कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे कंबल बेच रहे उज्जैन निवासी वकील (28) और लखन (16) को टक्कर मारते हुए बाइक सवार दो सगे भाइयों, रातीबड़ भोपाल निवासी हृदेश राजौरिया (40) और विजय शर्मा पर जा गिरी। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक इलाज के बाद भोपाल रेफर किया गया था। जहा घायलों में शामिल विजय शर्मा की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। अन्य तीन घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
एसआई किरण सिंह राजपूत निलंबित
हादसे की रिपोर्ट कंबल बेचने वाले तूफान सिंह बंजारा ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला एसआई किरण सिंह राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली टीआई रवीन्द्र यादव ने बताया कि कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, इस मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एसआई किरण सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सीहोर में अटैच कर दिया है।







