मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले, सड़क, पेंशन, मेडिकल कॉलेज समेत विकास कार्यों के लिए 29,540 करोड़ मंजूर
Mohan cabinet takes major decisions, approves Rs 29,540 crore for development works including roads, pensions, medical colleges

मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले, सड़क, पेंशन, मेडिकल कॉलेज समेत विकास कार्यों के लिए 29,540 करोड़ मंजूर
भोपाल यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास को नई गति देने वाले कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में सड़क निर्माण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल 29,540 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने शहरी एवं नगरीय क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, सुधार और मजबूतीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को 6,900 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। वहीं गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले बुजुर्गों को राहत देते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 6,115.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा निर्णय लेते हुए सीहोर जिले के बुदनी में 100 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज और 500 बिस्तरों के अस्पताल के लिए 763.40 करोड़ रुपये के संशोधित बजट को मंजूरी प्रदान की गई। इससे क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अलावा 16वें केंद्रीय वित्त आयोग की अवधि 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक के लिए 15,598.27 करोड़ रुपये की लोक वित्त पोषित योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इस राशि से नए कोषालयों की स्थापना लंबित देनदारियों का भुगतान सरकारी कर्मचारियों के लिए लेखा प्रशिक्षण शालाएं और आईटी आधारित प्रशासनिक परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। सरकार का दावा है कि इन फैसलों से प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी और आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से मिल सकेगा।






