कार में अपहरण कर लूटपाट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

कार में अपहरण कर लूटपाट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी की कोहेफिजा थाना पुलिस ने करीब सात महीने पहले हुई लूट और अपहरण के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को स्कॉर्पियो कार में बंधक बनाकर मारपीट की थी और नकदी छीनकर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, फरियादी राजी सलमान खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24-25 जून 2025 की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे आरोपी यासीन अहमद उर्फ मिंटू, अजय और फारूक अहमद उर्फ छोटू ने उन्हें स्कॉर्पियो कार (MP 04 ZL 0999) में जबरदस्ती बैठा लिया था। आरोपी उसे नीलबड़ रोड की ओर ले गए, जहाँ उसके साथ जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक से 30,000 रुपये नकद छीन लिए और उसका मोबाइल फोन तोड़कर उसे वहीं सुनसान रास्ते पर छोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसारह इस मामले में मुख्य आरोपी यासीन उर्फ मिंटू और अजय को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन तीसरा आरोपी फारूक अहमद उर्फ छोटू (25 वर्ष), जो कि तलैया क्षेत्र का निवासी है, लगातार फरार चल रहा था। जिसे तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी फारूक अहमद को 19 जनवरी 2026 को घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी बुधवार तलैया स्थित टोल वाली मस्जिद के पास का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।







