मानवता हुई शर्मसार : 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म: मृत बच्ची को दिया जन्म, हालत नाजुक,अस्पताल में डिलीवरी, 16 को दफनाया गया शव

सागर, यशभारत l सागर जिले के जरूआखेड़ा क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता को शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय युवक ने अपने घर में बंधक बनाकर रखा था। करीब सात महीने की गर्भवती किशोरी की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर यह पूरा घटनाक्रम उजागर हुआ। फिलहाल पीड़िता सागर जिला अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है, वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर को किशोरी की हालत बिगड़ने पर उसे जरूआखेड़ा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डिलीवरी के दौरान उसने एक मृत बच्ची को जन्म दिया। परिजनों ने 16 अक्टूबर को नवजात के शव को दफना दिया था। अगले दिन 17 अक्टूबर को किशोरी की स्थिति अत्यंत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे तत्काल सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों की जांच में खुली उम्र की पोल
सागर जिला अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने किशोरी की उम्र महज 14 वर्ष 7 माह पाई। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और सागर में मामला दर्ज करने के बाद 18 अक्टूबर को नरयावली थाने में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
एसडीएम की अनुमति से निकाला गया नवजात का शव
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम की अनुमति पर नरयावली के नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की मौजूदगी में वैधानिक पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद जमीन में दफनाए गए नवजात बच्ची के शव को बाहर निकालकर फॉरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम के लिए सागर भेजा गया है।
इस पूरे मामले में स्थानीय स्वास्थ्य अमले की गंभीर लापरवाही भी सामने आ रही है। 14 साल की नाबालिग के गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचने और मृत बच्ची को जन्म देने के बावजूद स्थानीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने समय रहते पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं।







