राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता : 5 खिलाड़ियों का चयन, मध्यप्रदेश की टीम में दिखाएंगे दम

श्रीनगर में 22 अक्टूबर से अंडर-17 मुकाबले, रांची में होगी अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता; अस्मि भारती के नाम एसजीएफआई में स्वर्ण पदक
सतना। खेल प्रतिभाओं के दम पर सतना के पांच ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 के लिए इन पांचों खिलाड़ियों का चयन मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अस्मि भारती, अध्ययन भारती, कृष्णा कुशवाहा, कीर्ति सोनी और वेदांशिका चौहान शामिल हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित होगी। इस वर्ग में अध्ययन भारती, कृष्णा कुशवाहा, कीर्ति सोनी और वेदांशिका चौहान मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए उत्कृष्ट विद्यालय वेंकट क्रमांक-1 में प्री-नेशनल प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। प्रदेश की टीम 19 अक्टूबर को श्रीनगर के लिए रवाना होगी।
वहीं, अंडर-19 वर्ग की राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 25 नवंबर से रांची में आयोजित की जाएगी। इस स्पर्धा में सतना की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अस्मि भारती मध्यप्रदेश की ओर से मुकाबले में उतरेंगी। अस्मि ने वर्ष 2024 की एसजीएफआई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इस उपलब्धि के बाद उन्हें ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से पहचान मिली।
पांचों खिलाड़ी सतना मार्शल आर्ट एकेडमी में जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं नेशनल रेफरी डॉ. संदीप भारती के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले चल रही तैयारियों के बीच खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। अब सतना की इन खेल प्रतिभाओं की नजरें राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने पर टिकी हैं।







