रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब पर खूनी संघर्ष, फायरिंग में तीन की मौत

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार रात बैठक के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक घायल का उपचार जारी होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव, अंकित गुप्ता और अंकित का भाई मोहित गुप्ता शामिल हैं।
खर्चों के हिसाब पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अमरिया कस्बे में नवरात्र के दौरान प्रतिवर्ष रामलीला का आयोजन किया जाता है। पिछले वर्ष मेला कमेटी में पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने सोमवार रात हिसाब-किताब को लेकर बैठक बुलाई थी। बैठक में मेले के खर्चों का विवरण रखा जा रहा था। इसी दौरान कमेटी में पदाधिकारी बनने की दावेदारी कर रहे कौशल गुप्ता ने खर्चों को लेकर सवाल उठाए, जिससे विवाद बढ़ गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि कमेटी के सामने हिसाब दिया जा रहा है और बेवजह हंगामा नहीं करना चाहिए।
अचानक गोलियां चलने से मची भगदड़
कहासुनी के बीच अचानक रायफल से फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से कुनाल श्रीवास्तव, अंकित गुप्ता सहित चार लोग घायल हो गए। कुनाल के सिर में गोली लगी, जबकि अंकित के कंधे में गोली लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां कुनाल और अंकित को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को बेहतर उपचार के लिए बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
थाने से करीब 500 मीटर दूर हुई वारदात
बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना अमरिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। वारदात के बाद कस्बे में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए घटनास्थल सहित अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी में तीन लोगों को हिरासत में लेने की बात सामने आई है, जबकि दो आरोपियों की गिरफ्तारी की भी सूचना है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना में तीन लोगों की मौत के बाद कस्बे में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों और आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







