ईद मिलादुन्नबी पर सजे शहर के मुस्लिम इलाके, प्रमुख मार्गों से आज निकलेंगे जुलूस-ए-मोहम्मदी
मस्जिदों से लेकर चौक-चौराहों तक रोशनी की सजावट

जबलपुर,यशभारत। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश की 1501वीं सालगिरह के मौके पर बुधवार को जबलपुर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर के अलग-अलग इलाकों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जाएंगे। पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में विशेष उत्साह है। शहर की मस्जिदों, मदरसों और विभिन्न इबादतगाहों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सजावट, पंडाल, इस्लामी बैनर, पोस्टर, झंडे और तोरण लगाए गए हैं। कई घरों में भी रोशनी और सजावट कर यौमे पैदाइश का जश्न मनाया जा रहा है। ईद मिलादुन्नबी के सिलसिले में मस्जिदों, मदरसों, गली-मोहल्लों और घरों में नातख्वानी, कुरानख्वानी, तकरीर तथा यौमे पैदाइश से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जुलूसों में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं, उनके आदर्श जीवन और मानवता के प्रति दिए गए संदेश को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया जाएगा।
अमन और अदब के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील
मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी ने मुस्लिम समाज से जुलूस-ए-मोहम्मदी में पूरी शालीनता, अदब और एहतराम के साथ शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सिर पर टोपी लगाकर जुलूस में शामिल होने तथा दरूद व सलाम पेश करते हुए चलने की गुजारिश की। उन्होंने बड़े झंडे लहराने के बजाय छोटे झंडों का इस्तेमाल करने, जुलूस में अमन-शांति बनाए रखने और आतिशबाजी से पूरी तरह परहेज करने की हिदायत दी है।
नया मोहल्ला से 2.30 बजे निकलेगा जुलूस
बज्म-ए-गुलशने मदीना के संयोजन में नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक से दोपहर 2.30 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना होगा। जुलूस की कयादत मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी करेंगे। जुलूस नया मोहल्ला, मोहम्मदी गेट सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेगा। यहां मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश मुस्लिम समाज को संबोधित करेंगे। सलातो-सलाम के साथ जुलूस का समापन होगा।
मोतीनाला से निकलेगा कदीमी जुलूस
मुस्लिम बहुल क्षेत्र मोतीनाला स्थित सुलेमानी मस्जिद से दोपहर 2 बजे कदीमी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस नायब-ए-मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत सूफी जियाउल हक कादरी की कयादत और डॉ. हाजी जियाउद्दीन की हिमायत में निकलेगा। प्रमुख मार्गों से भ्रमण के बाद जुलूस सुलेमानी मस्जिद पहुंचेगा, जहां सलातो-सलाम पेश किया जाएगा।
मंडी मदार टेकरी से भी निकलेगा जुलूस
गुलशने कुरैश कमेटी के तत्वावधान में दोपहर 2 बजे मंडी मदार टेकरी जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकलेगा। जुलूस प्रमुख मार्गों से होते हुए अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेगा। कमेटी अध्यक्ष आमीन कुरैशी ने समाजजनों से शालीनता और अदब के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है। शहर के अन्य क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस भी निर्धारित मार्गों से होते हुए अंजुमन स्कूल मढ़ाताल पहुंचेंगे।
फैजाने मदीना से रवाना होगा जुलूस
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर दावते इस्लामी जबलपुर की ओर से अजीमुश्शान जुलूसे मोहम्मदी निकाला जाएगा। यह जुलूस बाद नमाज-ए-जुहर दोपहर 2 बजे रजा चौक, मिल्क स्कीम रोड स्थित फैजाने मदीना से रवाना होगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से जुलूस में शामिल होने की अपील की है।
सदर बाजार और गढ़ा में भी आयोजन
सदर बाजार में दोपहर 2 बजे अकबर खान सरवर, इनायत अली शाह, अशफाक कुरैशी और सिकंदर बाबा की कयादत में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकलेगा। जुलूस सदर बाजार की गलियों से होते हुए पेंटीनाका चौक पहुंचेगा और इसके बाद जामा मस्जिद सदर बाजार में समापन होगा। समाजसेवी अकबर खान सरवर ने सदरवासियों से शालीनता और सद्भाव के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है। इसी तरह गढ़ा क्षेत्र में भी दोपहर 2 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की कयादत अल्लामा मौलाना अल्हाज सैय्यद इकबाल अहमद शम्स रब्बानी, मौलाना फजले रब अशरफी, हाजी तौसीफ रजा, सूफी मुबारक कादरी, सैय्यद कादिर कादरी, निजाम कादरी, खलीफा इनायत कादरी, निजाम बाबा, नियाज मंसूरी और जवाहर कादरी करेंगे।







