शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में पटवारी, सरकार से तत्काल निर्णय की मांग पदवृद्धि समेत सभी जायज मांगों को समर्थन, युवा रोजगार मांग रहा है कोई एहसान नहीं

शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में पटवारी, सरकार से तत्काल निर्णय की मांग
पदवृद्धि समेत सभी जायज मांगों को समर्थन, युवा रोजगार मांग रहा है कोई एहसान नहीं
भोपाल, यश भारत। शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार से तत्काल सकारात्मक पहल करने की मांग की है। पटवारी ने सोमवार को भोपाल में आंदोलनरत शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके संघर्ष को समर्थन देने की बात कही। पटवारी ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में मेहनत करने के बाद अब वे रोजगार की मांग कर रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि समेत अभ्यर्थियों की सभी जायज मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपील करते हुए कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनसे संवाद किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों का समय और संसाधन लगाते हैं। इसके बाद भी रोजगार के लिए उन्हें आंदोलन करने को मजबूर होना चिंता का विषय है। पटवारी ने कहा कि सरकार को युवाओं की मेहनत और उम्मीदों का सम्मान करते हुए ठोस निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की जायज मांगों को हर उचित मंच पर उठाती रहेगी। युवाओं को केवल आश्वासन नहीं बल्कि रोजगार और भविष्य को लेकर स्पष्टता चाहिए।






