कटनी

मार्च क्लोजिंग : टारगेट पूरा करने में जुटे विभाग, कल अंतिम दिन, राजस्व वसूली पर जोर, लक्ष्य के करीब पहुंचा नगर निगम और पंजीयन विभाग

 

कटनी, यशभारत। वित्तीय वर्ष 2025-26 का कल अंतिम दिन है। मार्च क्लोजिंग को लेकर नगर निगम, जिला पंजीयन कार्यालय, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग के साथ ही अन्य शासकीय विभाग टारगेट को पूरा करने में जुटे हुए हैं। शासन और जिला स्तर पर इसकी लगातार मॉनीटरिंग भी की जा रही है। अधिकारी-कर्मचारी पिछले एक महीने से राजस्व वसूली के काम में जुटे हुए हैं। नगर निगम प्रशासन द्वारा जहां पूरे मार्च के महीने में शिविरों का आयोजन कर संपत्ति कर, दुकान किराया और जल करों की वसूली की जा रही है तो वहीं अन्य विभाग भी वसूली को लेकर मुस्तैद नजर आ रहे हैं। एक अपै्रल से नई गाइडलाइन लागू होने के कारण जिला पंजीयन कार्यालय में भी रजिस्ट्री कराने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी तरह अन्य शासकीय भी राजस्व वसूली के लिए लगातार प्रयासरत है।
यशभारत खास
नगर निगम : पूरे महीने शिविर
राजस्व वसूली को लेकर इस बार नगर निगम काफी मुस्तैद दिखा। पूरे महीने शिविरों का आयोजन किया गया। लोक अदालत के साथ ही शहर के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए गए शिविरों में बड़ी संख्या में शहर के लोगों ने संपत्ति और जल कर का भुगतान किया। आयुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में नगर निगम के राजस्व अमले ने करों की वसूली के लिए लगातार प्रयास किए। जिसका नतीजा यह है कि नगर निगम प्रशासन राजस्व वसूली के लक्ष्य के करीब पहुंच गया है। राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर निगम ने 12 करोड़ 83 लाख रूपए राजस्व प्राप्त किया था। इस बार अभी तक नगर निगम इस आंकड़े को पार कर चुका है। श्री पाठक ने बताया कि नगर निगम लक्ष्य के करीब पहुंच गया है और अभी भी कल 31 मार्च का दिन है।
पंजीयन विभाग ने कमाए 145 करोड़ रूपए
जिला पंजीयक कार्यालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 145 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त किया है। जिला पंजीयक पंकज कोरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभाग को आज तक 118 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त किया था। इस बार विभाग को 149 करोड़ रूपए का लक्ष्य दिया गया था। जिसके विरूद्ध विभाग ने 145 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त किया है और कल क्लोजिंग के अंतिम दिन 31 मार्च तक यह आंकड़ा 146 करोड़ तक पहुंच जाएगा। श्री कोरी ने बताया कि अभी कल का दिन भी है।
बिजली विभाग ने वसूले 20 करोड़
जिले का बिजली विभाग लक्ष्य से काफी पीछे है। कटनी वृत के लिए पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निम्नदाब कनेक्शन के विरुद्ध निर्धारित किये गए लक्ष्य 38.90 करोड़ के विरुद्ध मात्र राशि 20.19 करोड़ की ही वसूली की जा सकी है, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 51.6 प्रतिशत है। जिसके चलते विभाग द्वारा बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेद करते हुए वसूली की जा रही है। कटनी वृत में अशासकीय एवं समस्त शासकीय कनेक्शन पर बकाया राशि लगभग 131 करोड़ बकाया है, जिसमें वसूली की कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग को मिला 150 करोड़ का राजस्व
खनिज विभाग राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य के करीब पहुंच गया है। विभाग को चालू वित्तीय वर्ष के लिए 165 करोड़ रुपए का लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले अब तक लगभग 150 सौ करोड़ से ज्यादा की वसूली की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार शेष लक्ष्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। जिले में खनिज संसाधनों के व्यवस्थित दोहन और पारदर्शी प्रक्रिया के चलते राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और सख्ती के कारण अवैध खनन पर अंकुश लगा है, जिससे सरकारी खजाने को लाभ मिल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले लक्ष्य को पार करने की पूरी संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button