शिवाजी नगर में चोरों की कांबिंग गश्त, सीसीटीव्ही फुटेज आया सामने, दर्जन भर चोरों ने मचाया उत्पात, फैलाई दहशत, घरों और दुकानों में चोरी का प्रयास

कटनी, यशभारत। बस स्टैंड पुलिस चौकी के अंतर्गत शिवाजी नगर चोरों का गिरोह वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूमते हुए देखा गया। यह पूरा वाक्या सीसीटीव्ही फुटेज में कैद हो गया। अब इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो को देखकर तो ऐसा प्रतीत होता है, जैसे चोरों को पुलिस का कोई डर ही नहीं। चोरों की कांबिंग गस्त ने समूचे क्षेत्र में खलबली मचा दी है। चोर मंडली की इस कॉम्बिंग गस्त का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में भय का माहौल निर्मित हो गया है। विदित हो कि बस स्टैंड चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बीते महीने चंडिका नगर से भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था। यहां पर भी कुछ नकाबपोश क्षेत्र में वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूमते हुए दिखाई दिए थे। उन्होंने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम भी दिया था। लेकिन आज तक इस मामले का खुलासा नहीं हुआ। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिवाजी नगर क्षेत्र में शुक्रवार की रात किस तरह चोरों के एक बड़े गिरोह ने उत्पात मचाया। गली नंबर 15 में लगभग एक दर्जन नकाबपोशों ने धाबा बोला और कई घरों व दुकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। चोरों की यह पूरी तफरी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। बताया जा रहा है की चोरों ने मोहल्ले में दहशत फैलाते हुए आधा दर्जन से अधिक घरों और दुकानों के ताले चटकाए। हालांकि चोर किसी भी बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि मोहल्ले में आहट होने या किसी तकनीकी बाधा के कारण वे बिना चोरी किए ही भाग निकले लेकिन ताले टूटने से स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोरों की संख्या करीब 10 से 12 थी। वे बेखौफ होकर गलियों में घूम रहे थे और एक-एक कर घरों की रेकी कर रहे थे।
नेहा बनीं बस स्टेंड पुलिस चौकी प्रभारी
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक नेहा मौर्य को बस स्टेंड पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया है। एसपी ने देरशाम यह आदेश जारी किए। विदित हो कि पिछले दिनों इंद्रा नगर में हुई घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बस स्टेंड पुलिस चौकी सिद्धार्थ राय एवं कुठला थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक सौरभ सोनी को पुलिस लाइन अटैच कर दिया था। इसके बाद से ही बस स्टेंड पुलिस चौकी प्रभारी का पद रिक्त था।







