कटनी

मझगवां फाटक में पेयजल संकट का स्थायी समाधान, आदिवासी मोहल्ले में बोर खनन करवाया जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने, ग्रामीणों ने जताया आभार

कटनी, यशभारत। ग्राम पंचायत मझगवां फाटक के आदिवासी मोहल्ले में लंबे समय से व्याप्त पेयजल संकट से जूझ रहे लगभग 20 से 25 परिवारों को बड़ी राहत मिल गई है। वर्षों से पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने जनहित में त्वरित और प्रभावी पहल कर क्षेत्र में नए बोर खनन का कार्य पूर्ण कराया है। लगभग एक माह पूर्व क्षेत्र में पेयजल संकट की गंभीर स्थिति को देखते हुए श्री विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की। उनकी समस्याओं को सुना तथा वास्तविक स्थिति का अवलोकन कर इसे केवल एक शिकायत के रूप में नहीं लिया, बल्कि जनसेवा के अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। उनके सतत प्रयासों और प्रभावी पहल के परिणामस्वरूप नए बोर की स्वीकृति प्राप्त हुई। स्थल निरीक्षण कराया गया तथा सफलतापूर्वक बोर खनन का कार्य पूर्ण हो गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि श्री विश्वकर्मा ने इस समस्या को प्राथमिकता न दी होती तो उन्हें अभी भी पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता। उनके प्रयासों से अब दर्जनों परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है और दैनिक जीवन की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हैं और बिना किसी भेदभाव के जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। उनकी सक्रियता, जनसेवा के प्रति समर्पण और विकास के प्रति प्रतिबद्धता ही उन्हें जनता के बीच एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि बनाती है। मझगवां फाटक के समस्त ग्रामवासियों ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए श्री विश्वकर्मा का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button