गर्म हवाओं के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल, पारा 42 डिग्री, अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या, लू व हीट स्ट्रोक के मरीज ज्यादा, सावधानी बरतने की आवश्यकता

कटनी, यशभारत। जिले में गर्मी का कहर लगातार जारी है। नौतपा के दौरान पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। दोपहर में तेज गर्मी के साथ ही अब रातें भी गर्म है। आलम यह है कि रात 8 बजे तक भीषण गर्मी से लोग बेहाल है। जिले का तापमान बढऩे के साथ ही लू और हीट स्ट्रोक का प्रकोप भी बढ़ गया है। सुबह नौ बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। स्थिति यह है कि भीषण गर्मी के चलते जिला चिकित्सालय में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कुछ इसी तरह के हाल प्राइवेट अस्पतालों में भी है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढऩे का कारण तेज गर्मी है। इस दौरान लोगों की जरा सी लापरवाही भारी पड़ रही है। चिकित्सा विशेषज्ञों ने लोगों को संभलकर रहने की सलाह दी है। गर्मी बढऩ के साथ ही उल्टी दस्त के मरीज बढ़ जाते है। वर्तमान में गर्मी के कारण फूड पाइजनिंग के मामले भी सामने आ रहे है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लू तथा हीट स्ट्रोक को लेकर चेतावनी जारी की है तथा आने वाले दिनों में मौसम के खुलने के साथ फिर तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार इस अवधि में हल्के से साफ बादल छाए रहेंगे और बारिश की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में हवाएं उत्तर पश्चिम एवं पश्चिम दिशाओं से 9 से 24 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी।
क्या है बचाव के उपाय
बढ़ते तापमान में हाइड्रेटेड रहें। प्यास न लगने पर भी खूब पानी पिएं। नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करें। समय का ध्यान रखें व दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधी धूप में बाहर न निकलें। हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। धूप में टोपी, चश्मा या छाते का प्रयोग करें। ठंडे वातावरण में रहें, हल्का भोजन करें। खीरा, तरबूज, खरबूजा जैसे पानी की मात्रा वाले फलों का सेवन करें। बासा व काफी लंबे समय पूर्व बना खाना खाने से बचना चाहिए, प्रतिदिन ताजा व पौष्ठिक आहार लें।
इनका कहना है
तापमान बढऩे के साथ ही लू व हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। इस दौरान बच्चे व बुजुर्ग ज्यादा बीमार होते है। गर्मी में लोगों को अपना बचाव करके रखना चाहिए। घर से निकलते से बचे तथा गमछा व टोपी का उपयोग करें, दिन में ज्यादा से ज्यादा पानी पिए तथा ठंडक वाले स्थानों पर ज्यादा से ज्यादा रहें।
-डॉ. मनीष मिश्रा, शिशु रोग विशेषज्ञ
चिलचिलाती धूप से बाजारों में सन्नाटा, लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल
विजयराघवगढ़, यशभारत। नौतपा में सूर्य देव अपने रोद्र रूप में दिखे मौसम ने लोगों का चेन छीन लिया लोग हाल बेहाल हो रहे हैं। तापमान 44 डिग्री से ऊपर गोता लगा रहा है। ऐसी गर्मी की मार से कुलर पंखा राहत नहीं दे पा रहे है । सुबह 10 के बाद धूप इतनी तेज हो गई की लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सडक़ों और बाजारों में सन्नाटा पसारा दिख रहा है। आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोग चश्मा गमछा टोपी आदि का सहारा लेकर आते जाते दिखे। नगर के मेन रोड में इतनी भीषण गर्मी में भी दिवाले तोडक़र मलमा अलग करने में लगे रहे। गर्मी में पानी छाछ ओ आर एस का घोल या घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी नींबू पानी आम का पना आदि सेवन करें। यथासंभव दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में बाहर न निकले धूप में निकलते समय अपना सिर ढक कर रखें कपड़े टोपी छतरी चश्मा आदि का उपयोग करें धूप में निकलने से पूर्व तरल पदार्थ का सेवन करें पानी हमेशा साथ में रखें शरीर में पानी की कमी न होने दें सूती ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहने। धूप तथा गर्म हवाओं की संपर्क के तुरंत बाद स्नान न करें गरिष्ठ वसायुक्त ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन तथा अल्कोहल चाय कॉफी जैसे पेय पदार्थ का उपयोग कम से कम करें।






