भोपाल में अतिक्रमण पर निगम का बड़ा एक्शन, सड़कों से हटाए ठेले गुमठियां एयरपोर्ट रोड से कोलार और हमीदिया तक कार्रवाई, एम्स के सामने से 13 ट्रक सामान जब्त

भोपाल में अतिक्रमण पर निगम का बड़ा एक्शन, सड़कों से हटाए ठेले गुमठियां
एयरपोर्ट रोड से कोलार और हमीदिया तक कार्रवाई, एम्स के सामने से 13 ट्रक सामान जब्त
भोपाल, यश भारत। शहर में सड़क फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया। निगम के अतिक्रमण अमले ने शहर के अलग अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ठेले गुमठियां दुकान के बाहर रखा सामान काउंटर बोर्ड टेबल कुर्सियां सहित अन्य सामग्री हटाई। कार्रवाई के दौरान एक लोहे का गेट और एक छत ठेला भी जब्त किया गया। निगम की टीमों ने कटारा अमलतास स्त्रीग वेली अटलांस होशंगाबाद रोड महिंद्रा मार्बल कोलार हिनोतिया आलम दानिश कुंज डीके-2 विशाल मेगा मार्ट त्रिलंगा शैतान सिंह चौराहा लिंक रोड नंबर 1 2 और 3 12 नंबर चेतक ब्रिज कोटरा सुल्तानाबाद हमीदिया रोड से रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 6 शाहजहानाबाद, रॉयल मार्केट से कलेक्टर कार्यालय करबला रोड शहीद नगर और करोंद चौराहे तक कार्रवाई की। इस दौरान एक अवैध रूप से बन रही झुग्गी भी हटाई गई।
एम्स के सामने 13 ट्रक सामान जब्त
गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के साकेत नगर स्थित एम्स के सामने गेट नंबर 3 से गेट नंबर 2 के बीच सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए ठेले हॉकर्स और अस्थाई दुकानों को हटाया गया। निगम की पांच टीमों ने कार्रवाई करते हुए करीब 13 ट्रक सामान जब्त किया जिसमें लगभग 35 ठेले शामिल हैं।







