भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल देहात पुलिस की सख्त कॉम्बिंग गश्त, 70 फरार आरोपी गिरफ्तार

भोपाल देहात पुलिस की सख्त कॉम्बिंग गश्त, 70 फरार आरोपी गिरफ्तार

भोपाल यश भारत । कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भोपाल देहात पुलिस ने 11 , 12 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान करीब 109 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की टीम ने मात्र 6 घंटे में 70 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 28 स्थायी वारंटी और 42 गिरफ्तारी वारंट वाले आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा 55 जमानती वारंट और 68 समनों की तामिली भी सुनिश्चित की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान 39 गुंडा चेक और 30 निगरानी बदमाशों पर भी कार्रवाई की। साथ ही आबकारी एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया। अभियान शुरू होने से पहले पुलिस अधीक्षक रामशरण प्रजापति ने सभी थाना प्रभारियों को टीम भावना के साथ संवेदनशील और विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया और सभी एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरी रात चलता रहा। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कॉम्बिंग गश्त का मुख्य उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामिली और आदतन अपराधियों पर नजर रखते हुए क्षेत्र में अपराध नियंत्रण बनाए रखना है। इस तरह की सख्त कार्रवाई से जहां अपराधियों में पुलिस का भय बढ़ता है, वहीं आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होती है।
भोपाल देहात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button