अड़ीबाजी करने वाले दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

अड़ीबाजी करने वाले दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
भोपाल,यशभारत। राजधानी के अयोध्या नगर इलाके में दहशत फैलाकर अवैध वसूली (अड़ीबाजी) करने वाले दो आदतन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी राहगीरों को रोककर शराब के लिए रुपयों की मांग करते थे और मना करने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं चूकते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे मीनाल गेट नंबर 2 के पास फरियादी आशीष उर्फ अक्की शर्मा को आरोपी अरुण भरदेले और अनिल साहू ने रोका। आरोपियों ने फरियादी से शराब पीने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की। जब आशीष ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
एक आरोपी पर दर्ज हैं 16 संगीन मुकदमे
पकड़े गए आरोपियों में अरुण भरदेले (25) अयोध्या नगर का लिस्टेड बदमाश है। उस पर पिपलानी और अयोध्या नगर थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट और पॉक्सो एक्ट जैसे 16 गंभीर अपराध दर्ज हैं। दूसरा आरोपी अनिल साहू (27) छोला मंदिर इलाके का रहने वाला है, जिस पर मारपीट और जुआ एक्ट के मामले दर्ज हैं।
डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने बताया कि शहर में गुंडे-बदमाशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।






