देश

बरही अग्निकांड: तहसीलदार के प्रतिवेदन में प्रशासनिक कमियों पर लीपापोती, कलेक्ट्रेट को सौंपी गई रिपोर्ट में समय,लेट-लतीफी और अधिकारियों की अनुपस्थिति का जिक्र गायब

कटनी, यशभारत। बरही नगर में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत के मामले में तहसीलदार बरही द्वारा कलेक्टर को अपना प्रतिवेदन सौंप दिया गया है। इस प्रतिवेदन में नगर परिषद और एसडीआरएफ टीम के पहुँचने का जिक्र तो किया गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर हुई भारी लेट-लतीफी, फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुँचने, अधिकारियों के अनुपस्थित रहने और अमले की सुस्ती जैसे गंभीर बिंदुओं पर पूरी तरह पर्दा डालने की कोशिश की गई है।
तहसीलदार द्वारा 09 नवंबर 2026 को प्रेषित इस प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम बरही में स्थित पूरनलाल भगवानप्रसाद अग्रवाल के तीन मंजिला भवन के भू-तल पर प्लास्टिक एवं क्रॉकरी की दुकान संचालित थी तथा ऊपरी तलों पर आवासीय उपयोग होता था। रिपोर्ट के अनुसार, रात्रि लगभग 12:30 बजे अज्ञात कारणों से आग लगी। सूचना मिलने पर बरही, विजयराघवगढ़ एवं कैमौर के दमकल वाहन तथा एसडीआरएफ टीम कटनी मौके पर पहुँची और बचाव कार्य किया। भू-तल पर केवल एक ही दरवाजा होने के कारण बचाव में कठिनाई आई, जिसके बाद खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहाँ से एक ही परिवार के 6 सदस्यों के शव बरामद हुए।

छुपाये गए और नजरअंदाज किए गए मुख्य सवाल

तहसीलदार के इस प्रतिवेदन पर अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सूचना मिलने के कितने घंटे बाद फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें वास्तव में मौके पर पहुँचीं। बचाव कार्य कब शुरू हुआ। आग लगने और प्रशासनिक मदद के पहुँचने के बीच के उन अहम घंटों का कोई जिक्र नहीं है, जिनमें समय पर क्रेन या प्रभावी संसाधन न मिलने के कारण लोगों को बचाया नहीं जा सका।

जिम्मेदारियों से बचाव

रिपोर्ट में पूरी घटना को सामान्य प्रक्रिया बताकर प्रशासनिक मशीनरी की सुस्ती और कमियों को ढकने का प्रयास किया गया है। अधिकारियों की अनुपस्थिति, समन्वय का अभाव, बड़ी संख्या में मौत के कारण का जिक्र तक नहीं है। हालांकि, तहसीलदार के इसी प्रतिवेदन को आधार बनाते हुए जिला कलेक्टर द्वारा इस मर्मस्पर्शी और भीषण अग्निकांड की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि मजिस्ट्रीयल जांच में प्रशासनिक विफलता और लेट-लतीफी की असल परतों से पर्दा उठता है या नहीं।IMG 20261110 WA0139

IMG 20261110 WA0138 FB IMG 1794281177160 IMG 20261109 WA0593 2

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button