देश

बरही अग्निकांड : छह मौतों के बाद हरकत में आया प्रशासन, 30 दिन में होगी मजिस्ट्रियल जांच, प्रभारी मंत्री ने किया स्थल निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने के दिए निर्देश

कटनी, यशभारत। दीपावली की खुशियों के बीच बरही नगर के मुख्य बाजार में अग्रवाल परिवार के आवासीय भवन सह क्रॉकरी दुकान में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत के बाद शासन और प्रशासन हरकत में आ गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह बरही पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच 30 दिनों में पूरी की जाएगी और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बरही पहुंचे प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अग्निकांड स्थल का निरीक्षण कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और छह लोगों की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है। इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्यों तथा संभावित प्रशासनिक लापरवाही को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर आशीष तिवारी को मजिस्ट्रियल जांच 30 दिनों के भीतर पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में घटना के कारणों, बचाव कार्यों में हुई देरी और संबंधित विभागों की भूमिका सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा चूक सामने आती है तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

कलेक्टर ने गठित की चार सदस्यीय जांच समिति

प्रभारी मंत्री के निर्देशों के बीच कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है। अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में एसडीओपी विजयराघवगढ़ विजय धारेवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते और सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी ज्योति यादव को सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में आग लगने की घटना के सभी पहलुओं की जांच करेगी। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। भवन और दुकान में अग्नि सुरक्षा के नियमों तथा निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति की भी जांच होगी। जांच समिति संबंधित अधिकारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। विभागीय अभिलेखों, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर घटना की जिम्मेदारी तय करने का प्रयास किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे। कलेक्टर ने समिति को 30 दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल पहुंचकर घायल रितेश अग्रवाल का जाना हाल

प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही भी पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड में जीवित बचे 43 वर्षीय घायल रितेश अग्रवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

बरही अग्निकांड पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।IMG 20261109 WA0805

IMG 20261109 WA0806 IMG 20261109 WA0593 1 IMG 20261109 WA0349 1 IMG 20261109 WA0370 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button