पुत्र के साथ मिलकर माता-पिता करते थे चोरियां, शारदा माता मंदिर मेंं चोरी का पर्दाफाश, विजयराघवगढ़ पुलिस को मिली सफलता, एक दर्जन वारदातें कबूली, लाखों का माल बरामद

कटनी, यशभारत। पुलिस ने विजयराघवगढ़ के प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में करीब एक महीने पहले हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी सिवनी जेल में कैद है और एक नाबालिग आरोपी फरार है। आरोपियों ने विजयराघवगढ़ के प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर के साथ ही कटनी जिले में आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाना कबूल किया है। पत्रकारवार्ता में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि विगत 24-25 जुलाई की रात अज्ञात आरोपियों द्वारा विजयराघवगढ़ के माता शारदा मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने ताले तोडक़र मंदिर के गर्भग्रह के अंदर प्रवेश कर माता शारदा का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र एवं माता शारदा के गले में पहने सोने का लाकिट, भगवान नरसिंह का मुकुट एवं छत्र एवं दान पेटी में रखे नगद रूपया चोरी कर लिया था। साक्ष्य खत्म करने लिए बदमाश सीसीटीव्ही कैमरे का डीव्हीआर उखाडक़र ले गये थे। पुलिस ने मुकेश त्रिपाठी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया था।
एसपी ने बनाई टीम
वारदात का खुलासा करने के लिए एसपी ने पुलिस टीम तैयार की, जिसमें विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, उमरियापान थाना प्रभारी महेन्द्र जायसवाल, बिलहरी चौकी प्रभारी नवीन नामदेव, एसआई सिद्धार्थ राय, एसआई योगेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक मज्जू कोल, अंजनी झा, पप्पू प्रजापति, आरक्षक उमाकांत, आरक्षक लोकेन्द्र एवं सायबर सेल से आरक्षक अजय केवट को शामिल किया गया।
सीसीटीव्ही फुटेज में दिखी संदिग्ध कार
एसपी ने बताया कि पुलिस ने टीम ने शारदा माता मंदिर के आसपास लगे सीसीटीव्ही फुटेज को चेक किया। सुराग एकत्रित कर संदिग्धों से पूछताछ की गई। मुखबिर की सहायता से रंग की कार के ग्राम पडख़ुरी होते हुये मैहर तरफ जाने का पता चला। जिस पर टीआई अभिषेक चौबे ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार को रोककर चेक किया। कार में सवार प्रेमनगर तिलक कालेज निवासी राजा उर्फ मोहन साहू एवं उसकी पत्नी राजनंदनी साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शारदा माता मंदिर सहित अन्य स्थानों पर चोरी किये गये जेवरातों को मैहर तरफ बेचने के लिये जा रहा था।
पूरा परिवार चोरी में शामिल
पुलिस टीम ने संदेही राजा उर्फ मोहन साहू एवं उसकी पत्नी राजनंदनी साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया की घटनाओं को स्वयं एवं अपने नाबालिग पुत्र तथा साथी ग्राम परसवारा निवासी आदी बर्मन के साथ मिलकर कटनी जिले के कई स्थानों पर चोरी की हैं। आदी बर्मन सिवनी जेल में चोरी के मामले में बंद है। पुलिस ने सोने चांदी के जेवरात एवं स्विफ्ट डिजायर को जब्त किया है। दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया। एक नाबालिग फरार है एवं सिवनी जेल में बंद बदमाश आदि बर्मन को सिवनी से लाकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी वाहन में बैठकर चोरी करने के उद्देश्य से रवाना होते थे और मौके पर पहुचकर दो लोग ताला तोडक़र अन्दर घुसते थे और शेष दो लोग बाहर रखवाली करते थे और किसी के आने की आहट पाकर अंदर गये दो लोगों को सूचना देते थे। सभी आरोपी बंद स्थनों में चोरी करते थे।
इन वारदातों को कबूला
आरोपियों ने विजयराघवगढ़ थाने के शारदा माता मंदिर सहित माधवनगर थाना के पिपरौंध में जैन मंदिर, बरही थाने के रामजानकी मंदिर, बिलहरी के हनुमान मंदिर, उचेहरा थाना के राधाकृष्ण मंदिर, उचेहरा के सत्य माता मंदिर, विजयराघवगढ़ के ग्राम जिवारा में सूने मकान, एनकेजे के ग्राम सरसवाही से सूने मकान एवं एनकेेजे के शनि मंदिर के पास से सूने मकान, सिवनी जिले के बंडोल थाना स्थित मंदिर एवं दमोह जिले में एक मंदिर से चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाना कबूल किया है।
आरोपियों से जेवरात बरामद
आरोपियां से चांदी के तीन त्रिकोंणाकार मुकुट, गोलाकार चांदी के दो छत्र, चांदी का एक त्रिकोंणाकार मुकुट, चांदी का एक कमरबंद, चांदी की दो संतानसातें की चूड़ी, चांदी की दो नग बोरा पायल, चांदी की दो नग पतली पायल, चांदी की 6 नग बिछिया, सोने का लाकेट, सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार सहित लगभग 12 लाख रूपए का सामान जब्त किया है। आरोपियों राजा उर्फ मोहन साहू के विरूद्ध विभिन्न थानों में 36 अपराध पंजीबद्ध हैं, इसी तरह राजनंदनी साहू के विरूद्ध विभिन्न थानों में 9 अपराध पंजीबद्ध हैं। आदी उर्फ आदित्य बर्मन के विरूद्ध विभिन्न थानों में 9 अपराध पंजीबद्ध हैं।







