गरबा पंडालों में शक्ति टीम तैनात, नवरात्रि पर पुलिस अलर्ट, पैदल गश्त एवं मोबाइल पेट्रोलिंग, 8 बजे से देर रात तक गरबा स्थलों पर निगरानी रखेगी चीता टीम एवं एफआरवी

कटनी, यशभारत। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण कराने के उद्देश्य लिए कटनी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। गरबा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं, युवतियों, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं, युवतियों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए शक्ति टीम का गठन किया गया है। इसके तहत महिला पुलिसकर्मियों को पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सादे कपड़ों में गरबा पंडालों में तैनात किया गया है, ताकि वे आम प्रतिभागियों के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख सकें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात घर लौटने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति टीम के साथ चीता पार्टी एवं एफआरवी को भी तैनात किया गया है। पुलिस टीम रात 8 बजे से सुबह 2 बजे तक गरबा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर निगरानी रखेगी। इसके अलावा पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। सुबह के समय मंदिरों में दर्शन एवं पूजा अर्चना के लिए जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस टीमें धार्मिक स्थलों एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर रही हैंए ताकि महिलाएं निर्भय होकर धार्मिक गतिविधियों में शामिल हो सकें।







