सूने मकान में चोरी का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार के जेवरात बरामद

कटनी, यशभारत। निवार पुलिस ने जरवाही में सूने मकान में सेंधमारी कर सोने चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गयाए जहां से उसे जेल भेज दिया गया। निवार पुलिस चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा ने बताया कि 6 मई को जरवाही निवासी हेमचन्द्र कुशवाहा परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान की पिछली दीवार खोदकर घर में प्रवेश किया और सोने चांदी के जेवरात सहित नकदी चोरी कर ली। घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद उसने निवार चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी जितेंद्र उर्फ पवनो मांझी निवासी मतवारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 40 हजार रुपये के जेवरात बरामद किए गए। कार्रवाई में निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार, देवेश कोष्टा तथा आरक्षक अरविंद और वकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







