Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी पर दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल

जबलपुर,यशभारत। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मदन महल चौक के ऊपर स्थित फ्लाईओवर की रोटरी पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने स्कूटी सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गढ़ा फाटक स्थित जगदीश मंदिर के पास निवासी अमन केसरवानी (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
 

रॉन्ग साइड से आया डंपर और मारी टक्कर
 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन केसरवानी अपने दोस्त निखिल बर्मन (22), निवासी निवारगंज, और अंकित झारिया (17), निवासी काली मठ, के साथ स्कूटी से जा रहा था। तीनों मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अमन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके दोनों साथी घायल हो गए।
 

हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
 

घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मृतक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार डंपर चालक और वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी घटना से संबंधित जानकारी जुटा सकती है। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button