पांच शहरों में एक टिकट पर पर्यटन का सफर, 300 रुपए में शहर के प्रमुख स्थल घूम सकेंगे पर्यटक

पांच शहरों में एक टिकट पर पर्यटन का सफर, 300 रुपए में शहर के प्रमुख स्थल घूम सकेंगे पर्यटक
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में पर्यटन को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए जल्द ही सिटी टूरिस्ट बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। भोपाल सहित इंदौर उज्जैन ग्वालियर और जबलपुर में निजी ऑपरेटरों के जरिए यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पर्यटन विभाग ने सेवा संचालन के लिए निजी एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे हैं। नई व्यवस्था के तहत पर्यटकों को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक एक तय रूट पर बस से ले जाया जाएगा। यात्रा के दौरान गाइड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पर्यटकों को अलग-अलग स्थानों तक पहुंचने के लिए स्थानीय वाहन तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी प्रस्तावित है। पर्यटन बोर्ड ने सिटी टूर का अधिकतम किराया सभी करों सहित 300 रुपए प्रति यात्री तय किया है। हालांकि स्थानीय बाजार और संचालन की परिस्थितियों के आधार पर टिकट की दर निर्धारित करने की छूट रहेगी। भोपाल के प्रस्तावित टूर सर्किट में बड़ा तालाब वन विहार सैर सपाटा जनजातीय संग्रहालय बिरला मंदिर और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय को शामिल किया गया है। इंदौर में राजवाड़ा कृष्णपुरा छत्री कांच मंदिर रालामंडल लालबाग और पातालपानी प्रमुख पड़ाव होंगे। उज्जैन सर्किट में महाकालेश्वर मंदिर महाकाल लोक हरसिद्धि मंदिर रामघाट कालभैरव मंगलनाथ जंतर मंतर और त्रिवेणी संग्रहालय को जोड़ा गया है। योजना का उद्देश्य पर्यटकों को कम समय में प्रमुख स्थलों का सुविधाजनक भ्रमण कराना है।







