पढ़ने आए थे बच्चे, बना दिया सफाईकर्मी: स्कूल में शौचालय साफ कराने पर 4 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस

मंडला। जिले के मवई विकासखंड स्थित अमवार शासकीय प्राथमिक स्कूल में बच्चों से स्कूल परिसर और शौचालयों की सफाई कराने का मामला सामने आया है। 27 अगस्त को इसका वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के चार शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। वायरल वीडियो में कुछ बच्चे शौचालय साफ करते और कुछ कक्षाओं में झाड़ू लगाते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में कुल सात शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें तीन अतिथि शिक्षक शामिल हैं। वीडियो सामने आने के बाद हुई जांच में मौके पर केवल तीन अतिथि शिक्षक उपस्थित मिले। प्रभारी बीईओ लालजी उइके के मुताबिक, एक शिक्षक कार्यालयीन कार्य से बीआरसी कार्यालय गए थे, दो शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि एक शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया।
इस मामले में दो शिक्षकों के नोटिस के जवाब विभाग को मिल चुके हैं, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है। वहीं, एक साथ दो शिक्षकों का अवकाश स्वीकृत करने पर संकुल प्राचार्य को भी नोटिस जारी किया गया है। जिला परियोजना समन्वयक अशोक शुक्ला ने बताया कि शिक्षकों के जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्चों से सफाई कराए जाने की घटना ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







