पंचायत चुनाव द्वितीय चरण : एसपी ने संवेदनशील केन्द्रों का लिया जायजा, कहा- हमारा उद्देश्य मतदान एवं मतगणना शांति पूर्वक संपन्न कराना है

जबलपुर, यशभारत। पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में आज 1 जुलाई 2022 को हो रहे मतदान के चलते एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर लगायी गयी पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा करते हुये सभी की हौसला अफजाई कर कहा कि हमारा प्रमुख उद्देश्य मतदान एवं मतगणना को शांति पूर्वक सम्पन्न कराना है।
जबलपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का द्वितीय चरण 1 जुलाई 2022 को जनपद पंचायत पाटन, शहपुरा, मझोली में मतदान एवं मतगणना सम्पन्न होना है । द्वितीय चरण के जनपद पंचायत चुनाव में कुल 692 मतदान केन्द्रों पर मतदान होना है। जिसमें 203 मतदान केन्द क्रिटिकल तथा 489 मतदान केन्द्र सामान्य श्रेंणी के हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के मार्ग निर्देशन पर क्रिटिकल मतदान केन्द्र में 2 वर्दीधारी -01 प्र.आर./1 आरक्षक, 1 होमगार्ड एवं 01 विशेष पुलिस अधिकारी तथा सामान्य मतदान केन्द्र में 1 वर्दीधारी-1 प्र.आर/1 आरक्षक/ 1 होमगार्ड सैनिक एवं 1 विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किया गया है तथा उक्त सभी मतदान केन्द्रों पर लगातार पेट्रोलिंग हेतु राजपत्रित अधिकारियों की 12 मोबाईल एवं थाना प्रभारियों की 24 मोबाईलों के अलावा अतिरिक्त 81 पेट्रोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं जो लगभग 10 मिनट के अंतराल में मतदान केंद्रों पर पहुंच कर स्थिति पर निगाह रखेंगी । पेट्रोलिंग मोबाइलों में 1 उप निरीक्षक/ सहायक उप निरीक्षक, 2 प्रधान आरक्षक/आरक्षक, 2 विशेष पुलिस अधिकारी लगाए गए हैं इसके अतिरिक्त प्रत्येक थाने में रिजर्व बल की पृथक व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर एवं पेट्रोलिंग मोबाइलों में लगभग 2500 का बल तैनात किया गया है जिसमें जिला पुलिस बल एवं होमगार्ड तथा विशेष पुलिस अधिकारी शामिल है।
एजेन्टों को मोबाइल नहीं रखने दिया जाए
एसपी ने संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर लगायी गयी पुलिस व्यवस्था का जायाजा लिया मौके पर उपस्थित अधिकारियो एवं कर्मचारियों को आदेशित किया कि मतदान केन्द्र के अंदर एजेन्ट मोबाईल नहीं रखेंगे, मतदान करने वाला मतदाता भी मतदान केन्द्र के अंदर मोबाईल लेकर नहीं जावेगा। 100 मीटर के दायरे में अनावश्यक खड़े लोगों को (मतदाता को छोड़कर ) तत्काल हटाया जाये, यदि मतदान कर लिया गया है तो घर जाने को कहा जाये। मतदान केन्द्र के आसपास अनावश्यक किसी भी प्रकार का कोई जमावड़ा नहीं होना चाहिये। 200 मीटर दायरे के पश्चात ही एजेन्ट की कुर्सी टेबिल लगी हो सुनिश्चित करें। यदि किसी भी प्रकार की कोई मतदान से सम्बंधित समस्या आती है तो तत्काल अपने थाना प्रभारी, राजपत्रित अधिकारी को सूचित करें ताकि तत्काल समस्या का निदान कराया जा सके।







