मध्य प्रदेशराज्य

नहीं थम रहे हादसों की रफ्तार : 9 वर्षीय मासूम बना शिकार; मौत

 

शहडोल। जिले में सड़क हादसों के बढ़ते आंकड़े थमने का नाम नहीं ले रही। छोटे-मोटे हादसों को दरकिनार कर यदि, बड़ी दुर्घटनाओं पर गौर करें तो, अमूमन एक या दो बड़े हादसे लगभग रोज़ ही सामने आ रहे हैं। जिसमें कई जिंदगियां थम गई हैं, कई चिराग बुझ गये, परिजनों का सहारा छीन गया और कईयों को अपंगता का सामना करना पड़ रहा है। इन सड़कों दुर्घटनाओं के रोकथाम को लेकर गंभीरता से विचार करते हुए कोई ठोस और सफल कदम उठाये जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ताकि, इनके आंकड़ों की बढ़ती रफ्तार को रोका या कम किया जा सके।

 

सोमवार शाम भी एक सड़क हादसा ब्यौहारी थाना क्षेत्र से सामने आया, जिसमें एक 9 वर्षीय मासूम की जान चली गई‌। मिली जानकारी अनुसार, ग्राम भमरहा में हुआ, जहां सड़क पर दौड़ती तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर समीप के दुकान में जा घुसी। इस दौरान दुकान में बैठा दीपक सिंह बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन, ईलाज दौरान उसकी सांसें थम गई। जिसके बाद परिवार में मातम और सन्नाटा छा गया। हालांकि, पुलिस ने कार और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस ने बताया कि, भमरहा गांव के कैथा चौराहा के पास महेंद्र सिंह की किराना दुकान संचालित है। जहां यह दुर्घटना घटित हुई है। कार की टक्कर इतनी तेज थी कि, उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। जिसके बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गयी और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर उसे मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे ले जा रहे थे कि, बीच राह उसने दम तोड़ दिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित चालक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि, दुकान सड़क किनारे ही स्थित है और दुकान के समीप ही उनका मकान भी है। हादसे के समय बालक अकेला ही दुकान में बैठा था। विदित हो कि, ब्यौहारी में ही एक दिन पूर्व भी सड़क दुघर्टना ने एक मासूम की जान ली थी। रविवार को घर से निकले इस बालक को गैस सिलेंडर से लोड वाहन ने कुचल दिया था। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में लोगों में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button