तीर्थक्षेत्र की स्वच्छता एवं संरक्षण सामूहिक दायित्व, जैन समाज ने चेतनोदय तीर्थक्षेत्र में किया सामूहिक श्रमदान

कटनी, यशभारत। आचार्य 108 विद्यासागर महाराज के परम प्रभाकर शिष्य आचार्य 108 समय सागर महाराज के आशीर्वाद एवं मुनि श्री 108 पुंगव सुधासागर महाराज की प्रेरणा से निर्मित चेतनोदय तीर्थक्षेत्र में आज रविवार से सेवा अभियान की शुरूआत की गई है। चेतनोदय तीर्थक्षेत्र की स्वच्छता, सुंदरता एवं संरक्षण के उद्देश्य से जैन समाज द्वारा रविवार को प्रात: 8 बजे से सामूहिक श्रमदान किया गया। बड़ी संख्या में जैन समाज के पुरूषों, महिलाओं और बच्चों ने हाथों में तगाड़ी और तसला लेकर चेतनोदय तीर्थक्षेत्र की सफाई करते हुए कचरा संगहित किया। समाजसेवी अनुराग जैन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य तीर्थक्षेत्र की साफ सफाई एवं सुंदरता बनाए रखने के साथ ही समाज में सेवा, सहयोग, समर्पण और एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तीर्थक्षेत्र की स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही इस पुनीत अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अब प्रत्येक रविवार को सभी मिलकर श्रमदान करेंगे और स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित चेतनोदय तीर्थक्षेत्र के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे। इस पुनीत कार्य में अनुराग जैन मिट्ठूलाल जैन, विनय जैन, आकेत जैन, विनोद जैन, प्रदीप जैन, राजेश चंदेरिया, संजय जैन, टीनू जैन, राकेश जैन, अंकित जैन, नवीन जैन, जिनेश जैन, नीलेश जैन, अमित जैन, संदीप जैन, विवेक जैन, विपुल जैन, रतन चंद्र जैन, सुनीता जैन, रश्मि जैन, मोनल जैन, शैलेन्द्र जैन आदि ने अपनी सहभागिता दी।







