नदी में डूबने से एक ही परिवार के बुझे दो चिराग ट्यूब के सहारे नदी में तैरते वक्त हादसा, इलाके में पसरा मातम

कटनी/रैपुरा, यशभारत। रैपुरा में पटने नदी में डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल दोपहर लगभग एक बजे कटनी रोड स्थित पटने नदी के पुल के पास अर्जुन बर्मन पिता मुकेश बर्मन उम्र 14 वर्ष तथा काजल बर्मन पिता संतू बर्मन उम्र 18 वर्ष नदी में ट्यूब के सहारे तैर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्यूब का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने बचाव का प्रयास किया तथा दोनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैपुरा पहुंचाया गया। जहां मेडिकल ऑफिर डॉ एम एल चौधरी ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो बच्चों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।





