कटनी

दुकानों में मिले एक्सपायरी डेट के 18 किलो पटाखे भरौली और धपई पटाखा बाजार में पुलिस एवं प्रशासन की दबिश, पटाखे जब्त कर सुरक्षा मानकों की जांच

कटनी, यशभारत। दीपावली को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भरौली एवं धपई स्थित पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास ट्रेडर्स एवं सुशील ट्रेडर्स की दुकानों पर एक्सपायरी डेट की आतिशबाजी सामग्री पाई गई। नियमों का ल्पाए जाने पर दोनों दुकानों से लगभग 18 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 50 हजार रुपये बताया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी डॉ. कमल मौर्य के मार्गदर्शन और सीएसपी अनिमेश द्विवेदी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पटाखा बाजार की दुकानों में स्थायी एवं अस्थायी आतिशबाजी विक्रय के लाइसेंस, उनकी वैधता, नवीनीकरण तथा निर्धारित शर्तों के पालन की जांच की। इसके साथ ही दुकानों के बीच निर्धारित दूरी, सार्वजनिक एवं रहवासी क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी और अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। दुकानदारों को पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, पानी, रेत, मिट्टी सहित अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। दुकानों के आसपास निर्धारित सुरक्षा परिधि में पटाखों के प्रदर्शन एवं परीक्षण पर रोक का पालन करने और दुकानों से सुरक्षित दूरी पर वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
कार्बाइड गन एवं खतरनाक उपकरणों पर प्रतिबंध
जिला प्रशासन द्वारा दीपावली के दौरान लोक शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार प्रतिबंधित पटाखों, आतिशबाजी, कैल्शियम कार्बाइड गन तथा गैस से धमाका करने वाले अन्य खतरनाक उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय एवं वितरण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
विजयराघवगढ़ पुलिस ने किया पटाखा दुकानों का आकस्मिक
विजयराघवगढ़ पुलिस ने पटाखा दुकानों एवं गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों को शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने और सावधानीपूर्वक पटाखों का विक्रय करने के निर्देश दिए गए। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे तथा तहसीलदार विजयराघवगढ़ मनीष शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र में संचालित अस्थाई पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकान संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित निर्देशों का पालन करने, विस्फोटक सामग्री के विक्रय के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा सतर्कता के साथ कार्य करने की समझाइश दी गई। साथ ही दुकानों के आसपास असामाजिक तत्वों को दूर रखने और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button