अवैध शराब के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 132 पाव शराब जप्त, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

कटनी, यशभारत। क्षेत्र में अवैध शराब के व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए एनकेजे पुलिस ने थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत की अगुवाई में ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए आज एक के बाद एक आठ ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 8 ठिकानों से 132 पाव अवैध शराब जप्त करते हुए कार्यवाही को अंजाम दिया। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी अभिनय विश्वकर्मा के द्वारा विशेष निर्देश प्रदान किए गए हैं। निर्देशों के तहत अवैध ठिकानों की सर्चिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा हिरवारा, पिपरिया, सिंघनपुरी, सेमरा, गाताखेड़ा, रोशननगर, केवलारी में अवैध शराब के ठिकानों पर छापामार कार्यवाही की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों को रंगे हाथों अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। कुल 132 पाव शराब बरामद करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। थाना प्रभारी ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देंए ताकि समय रहते अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाते हुए कार्यवाही की जा सके।







