एसआईआर पर कांग्रेस को घेरा, बोले हेमंत खंडेलवाल मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम नहीं होने चाहिए, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाना गलत

एसआईआर पर कांग्रेस को घेरा, बोले हेमंत खंडेलवाल
मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम नहीं होने चाहिए, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाना गलत
भोपाल यश भारत। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम नहीं होने चाहिए। मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं के नामों का सुधार जरूरी है। भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने 13 करोड़ नाम काटे जाने के दावे को गलत बताते हुए कहा कि इनमें करीब 3 करोड़ बच्चों, 6 करोड़ 3 लाख स्थानांतरित मतदाताओं और 2 करोड़ 80 लाख मृत व्यक्तियों के नाम शामिल थे।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों के बूथ प्रतिनिधि शामिल रहते हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है। भाजपा इसके विरोध में पदयात्राएं निकाल रही है, जिनमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी हो रही है। उन्होंने मीडिया से इन मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की अपील भी की।







