सालों से फरार दो वारंटी पुलिस के हत्थे चढ़े, डकैती व मारपीट के मामलों में काट रहे थे फरारी, माधवनगर पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल

कटनी, यशभारत। माधवनगर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने निशांत उर्फ सरकार उर्फ प्रियांशु मिश्रा निवासी लखेरा को गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से फरार था। उसके खिलाफ माधवनगर थाने में डकैती और डकैती की योजना बनाने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। अजीत सिंह निवासी संजय नगर को भी गिरफ्तार किया गया। वह मारपीट के एक मामले में करीब 8 वर्षों से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध भी माधवनगर थाने में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कमलेश बैरागी, राहुल सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, आरक्षक सुभाष यादव तथा आरक्षक शुभम गौतम सायबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







