मनमाने दाम पर बेच रहे शराब, विरोध किया तो फौजी से मारपीट, कटनी स्टेशन के पास बीती रात जमकर विवाद, शराब दुकान के कर्मचारियों ने की हाथापाई

कटनी, यशभारत। कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शराब दुकान के कर्मचारियों की गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है। वीडियो में शराब दुकान के कर्मचारी देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान तक दांव पर लगाने वाले एक फौजी को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जाता है कि दुकान के कर्मचारियों और फौजी के बीच शराब खरीदने के दौरान किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद शराब दुकान के कर्मचारियों ने दुकान से बाहर आकर फौजी की सरेआम पिटाई कर दी। जिस समय यह घटना हो रही थी, उस दौरान वहां पर सैकड़ों की तादाद में लोग मौजूद थे। इन्हीं लोगों में से किसी ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो को सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया। बताया जाता है कि मारपीट की घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए फौजी को शराब दुकान के कर्मचारियों से बचाया और उसे वहां से निकालकर चलता कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा किए गए इस तरह के बर्ताव की लोग कड़ी आलोचना कर रहे हैं। साथ ही मांग भी कर रहे हैं कि ठेकेदार और ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए।
तय रेट से अधिक दाम पर शराब बेचने को लेकर विवाद
बताया जाता है कि पूरा विवाद तय रेट से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने को लेकर था। शराब दुकान पर निर्धारित कीमत से अधिक रकम वसूले जाने को लेकर जब फौजी ने विरोध किया तो विवाद हो गया। जिस पर दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान शराब ठेके के कर्मचारियों ने लाठी.डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप किया जाता, तो मामला इतना नहीं बढ़ता। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।






