जुहली मोड़ पर नेशनल हाईवे 78 जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों पर केस, आधा दर्जन नामजद समेत 30 ग्रामीणों पर कार्रवाई की पुलिस ने

कटनी, यशभारत। एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत जुहली मोड़ पर नाबालिग की पिटाई को लेकर पुलिस ने कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग को 3 घंटे तक बाधित करने और आम जनता को परेशान करने के आरोप में 6 नामजद सहित 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ अविभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कमलेश सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने जुहली मोड़ पर चकाजाम का नेतृत्व करने और हाईवे रोकने के आरोप में राहुल तिवारी, घोड़े लाल चौधरी, अभिषेक पटेल, प्रीति ठाकुर, कौशल्या ठाकुर और मोहित यादव को नामजद किया है। इसके साथ ही प्रदर्शन में शामिल 25 से 30 अन्य अज्ञात ग्रामीणों को भी सह आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए प्रदर्शन के वीडियो और तस्वीरों की मदद ले रही है। गौरतलब है कि सोमवार शाम जुहली गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने एनकेजे पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कटनी शहडोल नेशनल हाईवे पर चकाजाम कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि दो पक्षों यादव और आदिवासी समाज के विवाद में एनकेजे थाने पहुंचे एक नाबालिग लडक़े को पुलिस ने 6 घंटे तक कस्टडी में रखा और उसे निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटाए जिससे वह अचेत हो गया। आक्रोशित ग्रामीण कथित अचेत नाबालिग को बीच सडक़ पर लिटाकर धरने पर बैठ गए थे और दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस उग्र प्रदर्शन के कारण सोमवार शाम 7 बजे से रात 9.30 बजे तक नेशनल हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। जाम इस कदर लगा कि जुहली मोड़ से लेकर मझगवां टोल नाके तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गई थीं। बाद में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा और कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण सडक़ से हटे थे।







