कटनी

नवजात का शव लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन, आरोप : गर्भवती महिला से मारपीट के बाद नवजात की मौत, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

कटनी, यशभारत। जिला अस्पताल में 27 अगस्त की रात ऑपरेशन के बाद जन्मी एक नवजात बच्ची की मौत के बाद हडक़ंप मच गया। जन्म के कुछ ही देर बाद बच्ची की सांसें थम जाने से आक्रोशित परिजन गुरुवार को नवजात शिशु का शव लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने दो माह पूर्व गर्भवती महिला के साथ हुई बर्बर मारपीट के मामले में पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसारए घटना बडख़ेरा गांव की है। 27 जून को पिंकी चौधरी पति गोलू चौधरी गर्भावस्था के दौरान गांव के सार्वजनिक नल पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान पानी लेने के मामूली विवाद पर रेखा चौधरी और उनके पति संतोष चौधरी ने पिंकी के साथ कथित तौर पर गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गर्भवती पिंकी के बाल पकडक़र जमीन पर पटका और लात घूंसों के साथ पत्थरों से हमला किया। इस हमले के दौरान पिंकी के पेट पर गंभीर चोट आई और आरोपियों ने उनकी सोने की खुटिया भी छीन ली।
नहीं हुई एफआईआर
गुलाब बाई चौधरी ने बताया कि मारपीट के बाद पिंकी की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनका सोनोग्राफी और उपचार कराया गया। घटना की लिखित शिकायत बिलहरी पुलिस चौकी से लेकर एसपी कार्यालय तक दर्ज कराई गई थी लेकिन पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया और कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय पर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की होती और पीडि़ता को उचित चिकित्सीय सुरक्षा मिलती, तो आज नवजात की जान न जाती। शव लेकर पहुंचे परिजनों की मांग है कि मारपीट करने वाले दोषियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है। हालांकि जून माह में हुई मारपीट और 27 अगस्त को नवजात की मौत के बीच कोई सीधा मेडिकल संबंध है या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की आधिकारिक जांच जारी है।
सवाल को टाल गए एएसपी
इस मामले को लेकर जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य से पत्रकारवार्ता के दौरान सवाल किया गया तो वे सवाल को टाल गए। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि एक गर्भवती महिला से मारपीट की गई, जिसके बाद उसके नवजात शिशु की मौत हो गई, इस पर पुलिस ने क्या कार्रवाई की, लेकिन एएसपी ने कोई उत्तर नहीं दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button