मातम में बदली खुशियां, राखी के एक दिन पहले हादसा, मां के साथ नहाते समय 5 वर्षीय बालिका की नदी में डूबने से मौत

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नुनागर के कूपना घाट में नदी में नहाते समय पांच वर्षीय मासूम बालिका की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कूपना घाट में निवासरत पारधी परिवार की पांच वर्षीय बालिका केवाईसी पारधी पिता जैकी श्रॉफ पारधी और माता रूबी पारधी अपनी मां के साथ नदी में नहाने गई थी। परिजनों के अनुसार मां-बेटी नदी में नहा रही थीं। इसी दौरान रूबी पारधी का ध्यान कुछ समय के लिए बेटी से हट गया और मासूम केवाईसी गहरे पानी में चली गई। जब तक परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तब तक बालिका पानी में डूब चुकी थी। आनन फानन में उसे बाहर निकाला गयाए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना शाहनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहनगर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बीएमओ डॉ सर्वेश कुमार लोधी द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना ने एक बार फिर नदी और जलस्रोतों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।







