जितने गिरे मकान, उतनी मौतें, बारिश की वजह से हुई घटनाओं में 16 लोगों ने गंवाई जान, 16 के आशियाने भी उजड़े, जिले में अभी पिछले साल की तुलना में 21 प्रतिशत कम बारिश

कटनी, यशभारत। जुलाई का महीना सूखा बीतने के बाद अगस्त में अच्छी बारिश हो रही है। पिछले एक पखवाड़े से कटनी शहर सहित पूरे जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है। जिससे नदियों, तालाबों और जलाशयों का जलस्तर तेजी के साथ बढ़ा है। खेतों में भी अब हरियाली नजर आ रही है। किसानों को अच्छी फसल के उत्पादन की उम्मीद है। जुलाई में जहां नदी और जलाशय सूखे थे, तो वहीं 15 दिनों की बारिश के बाद लबालब नजर आ रहे। आंकड़ें की बात करें तो जिले में सबसे ज्यादा बारिश स्लीमनाबाद तहसील में दर्ज की गई है। यहां एक जून से लेकर अब तक 1037.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई, जबकि बड़वारा तहसील में सबसे कम 464.1 मिलीमीटर बारिश हुई है। जिले में सामान्य वर्षा की तुलना में आज तक कुल 66.1 प्रतिशत वर्षा हुई है, जबकि गत वर्ष की तुलना में आज तक 21.6 कम प्रतिशत वर्षा हुई है। जिले में लगातार बारिश की वजह से जहां सडक़ों की स्थिति खराब हो गई है और आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं जनहानि भी हुई है। जानकारी के मुताबिक जिले में सर्पदंश की वजह से अब तक एक दर्जन मौतें हुई हैं। बाढ़-अतिवृष्टि की बात करें तो ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की वजह से दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसमे बिजली गिरने से भी एक मौत हुई है। बाढ़-अतिवृष्टि की वजह से मकानों को भी क्षति पहुंची है। जानकारी के मुताबिक कटनी जिले में अब तक 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। विजयराघवगढ़ में तीन पशुओं की भी मौत हुई है।
सर्पदंश : एक दर्जन से अधिक मौतें
बारिश के मौसम में गांवों में सांपों का खतरा रहता है। खेतों के साथ घरों और आसपास के इलाकों में भी सांप निकलने की घटनाएं सामने आती हैं। आकड़ों के अनुसार जिले में 1 जून से अब तक सर्पदंश से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमे रीठी में 5, बड़वारा में 2, बरही में 2, बहोरीबंद में 2 एवं ढीमरखेड़ा में 2 मौत दर्ज की गई है। सर्पदंश से मौतों के बाद शासन के नियमानुसार प्रशासन द्वारा पीडि़त परिवारों को मुआवजा भी दिया जा रहा है।
पिछले साल से 21 प्रतिशत कम वर्षा
जिले में पिछले साल की तुलना में अब तक 21 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। आंकड़ों की बात करेंं तो वर्ष 2025 में अभी तक जिले में 915.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस साल एक जून से लेकर अभी तक 717.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा, जिससे औसत बारिश का आंकड़ा 900 के आसपास पहुंचने की उम्मीद है।






