मंडला lमहाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरंगदेवरी नर्मदा तट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने उफनती नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एक स्थानीय मछुआरे की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, सुरंगदेवरी निवासी एक युवक (परिवर्तित नाम हनी) का घर में विवाद हो गया था। बताया गया कि वह नए जूते और कुछ रुपयों की मांग कर रहा था, जिसे परिजनों द्वारा मना करने पर वह नाराज होकर घर से निकल गया। युवक काफी देर तक सुरंगदेवरी स्थित छोटे मंदिर के पास नर्मदा तट पर बैठा रहा। नर्मदा के दूसरे छोर यानी सहस्त्रधारा घूमने आए पर्यटकों ने जब युवक को काफी देर तक संदिग्ध हालत में किनारे बैठा देखा, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। पर्यटकों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। चूंकि मामला महाराजपुर थाने का था, इसलिए तत्काल सूचना वहां ट्रांसफर की गई और पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
जैसे ही पुलिस की टीम युवक के पास पहुंची, युवक ने घबराकर या आवेश में आकर नर्मदा की अथाह गहराई में छलांग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए पास ही डोंगी (नाव) चला रहे एक मछुआरे को आवाज लगाई। पुलिस का इशारा मिलते ही जांबाज मछुआरे ने पानी में छलांग लगाई और डूब रहे युवक को सुरक्षित किनारे तक खींच लाया। नदी से बाहर निकालने के बाद युवक के फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण वह कुछ देर बेहोश रहा। प्राथमिक उपचार के बाद जब युवक की स्थिति सामान्य हुई, तब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और युवक की काउंसलिंग की। महाराजपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और मछुआरे के साहस की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।
Back to top button