घर में घुसकर चोरी का प्रयास, माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बडख़ेरा में वारदात

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बडख़ेरा में चोरी का एक मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर ने दिनदहाड़े घर में घुसकर आभूषणों पर हाथ साफ करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बडख़ेरा निवासी प्रार्थी रामाधार दुबे पिता शिवकुमार दुबे उम्र 55 वर्ष के घर में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे आरोपी दुर्गा पटेल पिता कोमल उर्फ बुल्ला पटेल ने अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया। आरोपी की नीयत घर में रखे कीमती सामान को चुराने की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर के भीतर प्रवेश कर चांदी की पायल चुराने का प्रयास किया। हालांकि समय रहते हलचल होने या प्रार्थी की सतर्कता के कारण चोरी की वारदात पूरी नहीं हो सकी। घटना की सूचना तत्काल माधवनगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी दुर्गा पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) धारा 305, धारा 62 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। माधवनगर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।






