खदान में दर्दनाक हादसा, गहरे पानी में डूबे बालक का मिला शव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था के दिये निर्देश

कटनी, यशभारत। ग्राम पंचायत बिस्तरा में स्थित खुली खदान में सुजीत कोल के मासूम बालक के गिर जाने की दुःखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया एवं एसडीआरएफ टीम को तुरंत मौके पर रवाना करवाया। कई घंटों तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अशोक विश्वकर्मा लगातार घटनास्थल पर डटे रहे और पूरे बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। उनकी तत्परता, प्रशासनिक समन्वय एवं मानवीय संवेदनशीलता के चलते राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आई और अंततः बालक के शव को खदान से बाहर निकाला जा सका।
दुःख की इस घड़ी में जनप्रतिनिधियों में केवल जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ही मौके पर पहुँचकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया एवं हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। घटना के बाद अशोक विश्वकर्मा ने क्षेत्र की खुली खदानों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से सभी खदानों के चारों ओर सुरक्षा हेतु टार फेंसिंग एवं बोरों (बैरिकेडिंग) की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित करते हुए क्षेत्र की सभी खुली खदानों का सर्वे कर जल्द से जल्द सुरक्षा कार्य पूर्ण कराने की बात कही, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस प्रकार की दुःखद घटना का शिकार न हो। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।







