खदान में छिपा दी चोरी की बाइक, स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद की बाइक, चोर को भेजा जेल

कटनी, यशभारत। स्लीमनाबाद पुलिस ने तेवरी से चोरी बाइक को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खदान के पानी से चोरी की बाइक बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिछुआ निवासी आनंद चौधरी ने 25 अप्रैल को स्लीमनाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 अप्रैल को वह अपने पिता की बाइक से किराना सामान लेने तेवरी गया था। सुबह 9 बजे उसने लखनवारा मोड़ स्थित दुकान के पास बाइक खड़ी की और सामान लेने चला गया। 15-20 मिनट बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी तेजभान माना उर्फ भूरा कुचबंधि निवासी गोसलपुर को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बाइक को अपने गांव के पास स्थित केवलारी खेरमाई खदान के पानी में फेंकना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खदान के पानी से बाइक बरामद कर जप्त की तथा आरोपी को न्यायालय में पेश कियाए जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।







