सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने के बाद, कलेक्टर संदीप जी आर की संवेदनशीलता के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जबकि आज सुबह पारा गिरकर 6 डिग्री तक पहुंच गया था। अब जिले के सभी स्कूलों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से लगेंगी।
नन्हे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन द्वारा जारी आदेश (क्रमांक/सामान्य/तापमान गिरावट/2026/2148) में स्पष्ट किया गया है कि अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए सागर जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और अनुदान प्राप्त स्कूलों में प्राथमिक व माध्यमिक स्तर की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से पहले शुरू नहीं की जा सकेंगी।
बच्चों ने कहा- ‘थैंक यू कलेक्टर अंकल’
कड़ाके की ठंड और सुबह के घने कोहरे के बीच स्कूल जाने वाले नन्हे-मुन्नों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है। समय में बदलाव की सूचना मिलते ही बच्चों और अभिभावकों के चेहरे खिल उठे। सोशल मीडिया और शहर में चर्चा रही कि प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है। जिसके लिए बच्चों ने उत्साहपूर्वक ‘थैंक यू कलेक्टर अंकल’ कहकर अपनी खुशी जाहिर की। अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस त्वरित निर्णय की सराहना की है, क्योंकि सुबह के घने कोहरे और शीतलहर के कारण बच्चों को तैयार करना और स्कूल भेजना चुनौतीपूर्ण हो रहा था।
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे समय परिवर्तन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। आगामी दिनों में यदि ठंड का प्रकोप और बढ़ता है, तो प्रशासन परिस्थितियों की समीक्षा कर आगे का निर्णय लेगा।
Back to top button