कटनी पुलिस की अनूठी पहल-आपका सारथी कौन, तीन ऑटो चालक सम्मानित, शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई

कटनी, यश भारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नवाचार “आपका सारथी कौन” के क्रियान्वन पर उत्कृष्ट फीडबैक प्राप्त करने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को सम्मानित किया गया है। आमजन व्दारा फीडबैक के आधार पर शराब पीकर ऑटो एवं ई-रिक्शा चलाने वाले चालको के विरूध्द कार्यवाही की जा रही है। कटनी पुलिस एवं आरटीओ व्दारा कैम्प लगाकर 35 ऑटो चालको के लर्निंग लायसेंस बनाए गये हैं। आम जनमानस ने पुलिस के नवाचार की सराहना की है। आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए विगत दिनों कटनी पुलिस द्वारा प्रारंभ की गई नवाचारपूर्ण पहल “आपका सारथी कौन” को जनमानस ने सराहा एवं यात्रियों ने क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी प्रतिक्रिया दी। जहाँ एक ओर यात्रियों व्दारा बेहतर आवागमन, चालकों के व्यवहार, उचित यात्रा शुल्क की प्रशंसा की वही दूसरी ओर अभद्र व्यवहार करने वाले एवं नशे में ऑटो/ई-रिक्शा चालकों पर प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर कटनी पुलिस व्दारा उक्त चालकों के विरुध्द कार्यवाही जारी है। इस नवाचार का उद्देश्य यात्रा कर रहे प्रत्येक यात्री को ऑटो ई-रिक्शा चालक की सम्पूर्ण जानकारी एवं सुरक्षा उपलब्ध कराना हैं। नागरिकों के उत्कृष्ट फीडबैक के आधार पर निम्नलिखित चालकों को सम्मानित किया गया, जिसमे चालक अरविन्द अहिरवार (बैच नंबर 08), सुनील कुमार यादव (बैच नंबर – 23) एवं चालक दीपक कुमार सोनी (बैच नंबर 36 को महिला यात्री का बैग ऑटो में छूटने पर यात्री को सकुशन वापस लौटाने पर सम्मानित किया गया है।
क्यू आर कोड एवं बैच का वितरण
कार्यक्रम के दौरान 100 ऑटो/ई-रिक्शा चालकों को QR कोड सहित बैच नंबर का वितरण किया गया, जिससे यात्रियों को चालक की पहचान, फीडबैक देने एवं संपर्क संबंधी सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
लाइसेंस शिविर का आयोजन
कटनी पुलिस एवं आरटीओ विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित लाइसेंस शिविर के अंतर्गत 135 ऑटो चालकों के लर्निंग लाइसेंस के आवेदन प्राप्त हुए । जिनमें 35 लायसेंस आज बनाए गए हैं। कटनी पुलिस द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के नवाचारों के माध्यम से नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।







