अवैध शराब के नेटवर्क का पता लगाकर करें कार्रवाई, क्राइम मीटिंग में पुलिस कप्तान की दो टूक, सागर में हुई घटना को गंभीरता से लेने की दी हिदायत, त्योहारों को लेकर रहें अलर्ट

कटनी, यशभारत। सागर जिले में जहरीली शराब से हुई घटना को गंभीरता से लेकर अवैध शराब के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन में लिप्त व्यक्तियों एवं शराब माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, साथ ही अवैध शराब के स्रोत एवं नेटवर्क का पता लगाकर कार्रवाई की जाए। यह निर्देश एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित क्राइम मीटिंग में दिए। एसपी ने प्रत्येक थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति की आंकड़ोंवार समीक्षा की। इस दौरान थानों में दर्ज अपराध, लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, नाबालिग बालक बालिकाओं की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराध, लघु अधिनियमों के प्रकरण, माननीय न्यायालय द्वारा जारी समंस एवं वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। आगामी त्यौहारों पर सुरक्षा के मद्देनजर तैयारियों को लेकर रोड मैप तैयार करने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को विभिन्न समितियों की जानकारी उनकी जांच, प्रतिमा पंडालों, जुलूस मार्गों, विसर्जन स्थलों एवं सभी संवेदनशील मुद्दो को ध्यान रखते हुए सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि विवेचना पूर्ण होने के पश्चात निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में चालान प्रस्तुत की जाए।लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुराने लंबित मामलों के निराकरण पर जोर दिया जाए। एसपी ने ऐसे प्रकरणों की राजपत्रित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से मॉनिटरिंग कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए पुलिस अधीक्षक ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी सहित शहर एवं देहात के समस्त थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।






