अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलटा 18 चका ट्रक, बड़वारा बाईपास पर रोहनिया मोड़ हादसा, बाल बाल बचे चालक

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास मार्ग पर रोहनिया मोड़ के समीप विगत दिवस एक बड़ा सडक़ हादसा होने से टल गया। यहां 18 चक्के का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक में चालक के साथ दो अन्य युवक भी सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 चक्के का ट्रक क्रमांक सीजी 10 सीजी 140 बजरी लेकर जा रहा था। ट्रक रोहनिया मोड़ के पास पहुंचा, तभी अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रक सडक़ से बाहर साइड में जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा.तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक ट्रक में बजरी भरी हुई थी। वाहन के पलटने के बाद ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के दौरान चालक और उसके साथ मौजूद दो युवक वाहन के अंदर फंसने से बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों की मानें तो दुर्घटना का कारण अचानक ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। 18 चक्के जैसे भारी वाहन के अचानक पलटने से आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि ट्रक सडक़ के किनारे पलटा और इसकी चपेट में कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं आया। यदि वाहन सडक़ पर पलटता या आसपास मौजूद लोगों से टकराता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। इस घटना के बाद भारी वाहनों की तकनीकी जांच और फिटनेस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों को सडक़ पर उतारने से पहले उनके ब्रेक, टायर और अन्य जरूरी तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच बेहद जरूरी है। ब्रेक फेल होने जैसी घटना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक में सवार चालक और दोनों युवकों की स्थिति देखी। फिलहाल हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।






