कटनी जंक्शन में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रेलवे सीनियर सेक्शन इंजीनियर 45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में

कटनी, यशभारत। कटनी जंक्शन पर भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीबीआई, एसीबी (ACB) जबलपुर की टीम ने कटनी जंक्शन (इलेक्ट्रिकल) में तैनात रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई सीबीआई की भ्रष्टाचार निवारण इकाई (ACB) जबलपुर द्वारा एक परिवादी की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता तेजराम कुशवाहा ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे से जुड़े किसी कार्य या बिल भुगतान के एवज में सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद सीबीआई टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी अजयवीर सिंह को 45,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद सीबीआई ने आरोपी इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। शुक्रवार को सीबीआई की टीम आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच विशेष न्यायालय (Special CBI Court) लेकर पहुँची। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी अजयवीर सिंह को 12 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया है। रेलवे विभाग में केंद्रीय एजेंसी की इस बड़ी कार्रवाई से कटनी और जबलपुर के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।







