मंडला, यशभारत। जिला मुख्यालय के पास ग्राम कटरा में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र में रोनित खाना खजाना के सामने एक बाइक और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है।
इलाज के दौरान दोनों युवकों की हुई मौत
हादसे में सौरभ सारथी (23) पुत्र सुरेश सारथी, निवासी ग्वारी, और मुकेश धनवार (19), निवासी मवई, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बाइक से ग्वारी जा रहे थे दोनों युवक
परिजनों के अनुसार, दोनों युवक आपस में रिश्तेदार थे। सौरभ ड्राइवर का काम करता था, जबकि मुकेश देवदरा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। दोनों बाइक से ग्वारी जा रहे थे। इसी दौरान जबलपुर की ओर से आ रहे चावल से लदे एक ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई।जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। कोतवाली पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Back to top button