MURDER : शादी समारोह में खूनी वारदात : युवक की चाकू मारकर हत्या

सतना यश भारत। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रनेही गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान गौरा मेदनीपुर निवासी 24 वर्षीय रोहित डोहर, पिता रामलाल डोहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित रनेही गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान भोजन व्यवस्था को लेकर उसका हलवाई सतीश डोहर से विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद मामला शांत होता नजर आया, लेकिन जब रोहित समारोह से लौट रहा था, तभी आरोपी सतीश डोहर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल रोहित को तत्काल कोठी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक ही क्षेत्र के निवासी हैं। मृतक वकालत की प्रैक्टिस करता था, जबकि आरोपी हलवाई का काम करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।







