भोपाल

वक्फ बोर्ड की आय में डेढ़ करोड़ की वृद्धि, 2836 विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति

वक्फ बोर्ड की आय में डेढ़ करोड़ की वृद्धि, 2836 विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति

– बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने गिनाईं उपलब्धियां

– 289 अनाथ बच्चों को कल मिलेगी फीस की सहायता
– नए कानून पर ओवैसी को घेरा
यश भारत, भोपाल।
मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने सोमवार को बोर्ड की उपलब्धियां गिनाते हुए संपत्तियों की आय में वृद्धि, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की जानकारी दी। उन्होंने नए वक्फ कानून से नुकसान होने संबंधी दावों पर असदुद्दीन ओवैसी को भी निशाने पर लिया। डॉ. पटेल के अनुसार, बोर्ड संपत्तियों की सुरक्षा, बेहतर प्रबंधन और उनकी आय का उपयोग जरूरतमंदों के कल्याण के लिए कर रहा है।
डॉ. पटेल ने बताया कि प्रदेश में करीब 14962 वक्फ संपत्तियों के अनुरक्षण, नियंत्रण, विकास और प्रशासन की जिम्मेदारी बोर्ड के पास है। नए वक्फ कानून के तहत उम्मीद सेंट्रल पोर्टल पर संपत्तियों का रिकॉर्ड अपलोड करने की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी की गई। आईआईटी दिल्ली की रिपोर्ट में संस्थागत संचालन और वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड से जुड़ी श्रेणियों में मध्यप्रदेश को बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल किया गया। रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए बोर्ड को राष्ट्रीय स्तर पर स्कॉच अवार्ड भी मिला।
आय में डेढ़ करोड़ रुपये की वृद्धि
बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, वर्ष 2023-24 में विभिन्न स्रोतों से बोर्ड की आय 4.61 करोड़ रुपये थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 5.95 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। वक्फ कृषि भूमि की नीलामी से वर्ष 2025-26 में 1.23 करोड़ रुपये और वर्ष 2026-27 में अब तक 1.62 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। किराया निर्धारण की गाइडलाइन में संशोधन के बाद औकाफ-ए-आम्मा की आय 1.98 करोड़ रुपये से बढ़कर 2.92 करोड़ रुपये हो गई।
2836 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति
डॉ. पटेल ने बताया कि बोर्ड की योजना के तहत प्रदेश के 2836 मेधावी विद्यार्थियों को 2.02 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की गई है। वहीं, वर्ष 2025-26 में औकाफ-ए-आम्मा भोपाल से 422 विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को 25.42 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसके अलावा 47 इमाम-मुअज्जिन, 32 मस्जिदों और आठ मदरसों को करीब 48.17 लाख रुपये का अनुदान दिया गया।
भोपाल के यतीमखाना शाहजहांनी की संपत्ति से प्राप्त किराया आय का उपयोग अनाथ बच्चों की शिक्षा के लिए किया जा रहा है। इसके लिए मिले 328 आवेदनों में जांच के बाद 289 बच्चों को पात्र पाया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में इन बच्चों को स्कूल फीस के लिए प्रति बच्चा अधिकतम 10 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
बकायादारों पर कार्रवाई, सामाजिक गतिविधियां भी
बोर्ड ने वक्फ संपत्तियों के भौतिक सत्यापन, प्रबंध समितियों के गठन में सुधार और बकायादारों से वसूली के लिए कार्रवाई शुरू की है। बोर्ड के मुताबिक, विभिन्न मामलों में करोड़ों रुपये की बकाया राशि की वसूली के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही रक्तदान शिविर, पौधरोपण, योग और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गई हैं।
नए कानून पर ओवैसी को घेरा
डॉ. सनवर पटेल ने नए वक्फ कानून से मुस्लिम समाज और वक्फ संपत्तियों को नुकसान होने संबंधी दावों पर असदुद्दीन ओवैसी को निशाने पर लिया। उन्होंने बोर्ड की आय में वृद्धि, संपत्तियों के रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और जरूरतमंदों की शिक्षा के लिए किए जा रहे खर्च का हवाला देते हुए कहा कि वक्फ संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन और उनका उपयोग समाज के हित में किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button